वैश्विक संकट में भी भारत ने जनता को दी राहत : विजय रघुवंशी
- DSS Admin
- May 16, 2026
सुलतानपुर, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में भाजपा प्रवक्ता विजय रघुवंशी ने शनिवार को कहा कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध जैसी वैश्विक परिस्थितियों के कारण पूरी दुनिया में तेल संकट गहरा गया है। अमेरिका, चीन और यूरोप जैसे तमाम विकसित देशों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 20 से 50 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है, लेकिन भारत में केंद्र की भाजपा सरकार ने जनता पर न्यूनतम बोझ डालते हुए मात्र 3 रूपए लगभग 3 प्रतिशत की मामूली वृद्धि की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पहले ही पेट्रोल- डीजल पर लगभग 10 रुपये टैक्स कम कर आम लोगों को बड़ी राहत दी थी। आज भी सरकार जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए संतुलित निर्णय ले रही है। जहां तक महंगाई दर की बात है तों आज भारत में महंगाई दर 3.48 प्रतिशत हैं जबकि कांग्रेस व सपा सरकार के शासनकाल में महंगाई दर लगातार डबल डिजिट 10 प्रतिशत से ऊपर थी।
श्री रघुवंशी ने कहा कि वैश्विक संकट के इस दौर में देशवासियों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सरकार के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए। भारत आज मजबूत नेतृत्व के कारण दुनिया के मुकाबले बेहतर स्थिति में है और यही कारण है कि देश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती की ओर बढ़ रही है।

