भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने पार्टी छोड़ी, दिया त्यागपत्र

रायपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने आज भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी है। उन्होंने अपना त्यागपत्र भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और रायगढ़ जिला अध्यक्ष को भेजा है।

रवि भगत ने अपने सोशल मीडिया पेज पर भी त्याग पत्र सार्वजनिक रूप से साझा किया है, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।वे छत्तीसगढ़ में भाजपा की युवा शाखा, यानी भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संगठन का नेतृत्व कर चुके हैं ।उन्हें सितंबर 2022 में भाजपा संगठन में हुए बड़े बदलावों के दौरान इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

उल्लेखनीय है कि रवि भगत लंबे समय से पार्टी के खिलाफ मुखर नजर आ रहे थे। हाल के दिनों में उन्होंने विभिन्न मुद्दों पर पार्टी नेतृत्व की आलोचना भी की थी। भगत को इससे पहले पार्टी के नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने और अनुशासनहीनता के आरोप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक गाना गाकर वीडियो वायरल किया था, जिसमें उन्होंने अपनी ही सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिला खनिज फाउंडेशन और सीएसआर मद की राशि को सिर्फ रायगढ़ विधानसभा में खर्च करने का आरोप लगाया था। भाजपा संगठन ने इस कृत्य को गंभीर अनुशासनहीनता माना था और उन्हें 7 दिनों के भीतर जवाब देने या प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने की चेतावनी दी थी।इस विवाद और बढ़ते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच रवि भगत ने खुद ही भाजपा के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। उनके इस कदम को संगठन के भीतर असंतोष और आंतरिक मतभेदों से जोड़कर देखा जा रहा है।

रवि भगत भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री भी रह चुके हैं और संगठन में उनकी एक सक्रिय पहचान रही है।

   

सम्बंधित खबर