भाषा विश्वविद्यालय में शोध पर फोकस हो: आनंदीबेन पटेल

लखनऊ,17 जून (हि.स.)। प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल से मंगलवार को राजभवन, लखनऊ में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय, लखनऊ की नैक टीम ने नैक मूल्यांकन में प्रथम चक्र में ‘बी प्लस प्लस‘ ग्रेड प्राप्त होने पर आभार प्रकट करने हेतु भेंट की।

राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय को शोध पर फोकस करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में गुणवत्ता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आगरा विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी अवश्य देखनी चाहिए, जहाँ पूरे विश्व का ऐतिहासिक दस्तावेजी संग्रह उपलब्ध है। उन्होंने इसे विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय की नैक टीम को ‘बी प्लस प्लस‘ ग्रेड प्राप्त करने पर हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय के समूचे परिवार के एकजुट प्रयासों का परिणाम है, जब कोई संस्था एक परिवार की तरह कार्य करती है, तभी वह कठिन से कठिन लक्ष्यों को भी सहजता से प्राप्त करती है। विश्वविद्यालय की टीम ने अच्छा कार्य किया है, जिससे आगे जुड़ने वाले नए सदस्य भी प्रेरणा पाएंगे। इस उपलब्धि से न केवल विश्वविद्यालय की गरिमा बढ़ी है, बल्कि अन्य संस्थानों को भी प्रेरणा मिलेगी। यह न केवल विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा में वृद्धि का कार्य है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत भी है। नैक ग्रेडिंग केवल एक शैक्षणिक उपलब्धि नहीं, बल्कि यह संस्थागत संस्कृति, शिक्षण गुणवत्ता, सामाजिक उत्तरदायित्व और सतत सुधार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

अपने संबोधन में उन्होंने विश्वविद्यालय को एन0आई0आर0एफ0, विश्व रैंकिंग, और एशिया रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि राजभवन में निरंतर इस विषय पर मंथन हो रहा है कि विश्वविद्यालयों को इस दिशा में कैसे और ज्यादा मार्गदर्शन प्रदान किया जाय। आप सभी के अंदर कई ऐसी योग्यताएँ थीं, जो अब सामने आई हैं। आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है, नेतृत्व की क्षमता उभरी है और अब आप किसी भी चुनौतीपूर्ण कार्य को निभाने के लिए तैयार हैं। समाज और देश को आपसे अपेक्षाएँ हैं। जब हम एक-एक व्यक्ति को आगे बढ़ाते हैं, तभी समाज और राष्ट्र की प्रगति संभव होती है।

इस अवसर पर राजभवन से अपर मुख्य सचिव राज्यपाल डॉ0 सुधीर महादेव बोबडे, विश्वविद्यालय की नैक टीम के सदस्य, राजभवन के अधिकारी कर्मचारी सहित अन्य महानुभाव उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर