सीएम हेल्पलाइन 1076 बनी जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसेमंद माध्यम, एक शिकायत पर अगले ही दिन ठीक हुई स्ट्रीट लाइट

सीएम हेल्पलाइन 1076 बनी जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसेमंद माध्यम, कोरबा में एक शिकायत पर अगले ही दिन ठीक हुई स्ट्रीट लाइट

कोरबा, 2 जुलाई (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकेंद्रित प्रशासन को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रदेश के नागरिकों के लिए शिकायतों के त्वरित समाधान का प्रभावी और भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरी है। इस व्यवस्था के जरिए लोग घर बैठे अपनी समस्याएं दर्ज करा रहे हैं और संबंधित विभागों द्वारा तय समय-सीमा में उनका निराकरण भी किया जा रहा है।

कोरबा शहर के मोतीसागरपारा निवासी कन्हैया लाल टेवानी का मामला इसका ताजा उदाहरण है। उनके घर के समीप लगी स्ट्रीट लाइट पिछले चार-पांच दिनों से खराब थी, जिससे पूरे मोहल्ले में रात के समय अंधेरा छाया रहता था। अंधेरे के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ सुरक्षा संबंधी चिंताओं का भी सामना करना पड़ रहा था।

समस्या से परेशान होकर टेवानी ने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित विभाग को इसकी सूचना भेजी गई और तत्काल कार्रवाई करते हुए अगले ही दिन स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कर उसे दोबारा चालू कर दिया गया। स्ट्रीट लाइट शुरू होने के बाद पूरे मोहल्ले में फिर से रोशनी लौट आई और लोगों का आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम हो गया।

टेवानी ने बताया कि उन्हें सीएम हेल्पलाइन की जानकारी फेसबुक और समाचार पत्रों के माध्यम से मिली थी। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पहली बार इस सेवा का उपयोग किया और उनकी शिकायत का बेहद कम समय में समाधान हो गया। उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित अधिकारियों ने न केवल त्वरित कार्रवाई की, बल्कि समाधान की पुष्टि करने के लिए दो से तीन बार उनसे संपर्क भी किया। इससे उन्हें शासन-प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही का अनुभव हुआ।

उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन जैसी व्यवस्था नागरिकों की छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इससे लोगों का शासन और प्रशासन पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है तथा सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बन रही है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्रदेश का कोई भी नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग को तत्काल सूचना भेजी जाती है और उसके निराकरण की नियमित निगरानी भी की जाती है। इससे शिकायतों के समयबद्ध समाधान के साथ विभागों की जवाबदेही भी सुनिश्चित हो रही है।

कन्हैया लाल टेवानी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की जनसमस्या का सामना करना पड़े तो वे बिना संकोच सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने अपनी समस्या के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी जनहितकारी पहलें सरकार और नागरिकों के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत बना रही हैं।

   

सम्बंधित खबर