बुधवार को सिलीगुड़ी का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

सिलीगुड़ी, 19 मई(हि.स.)। राज्य के राजनीतिक बदलाव के बाद पहली बार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी उत्तर बंगाल दौरे पर आ रहे है। वह बुधवार को सिलीगुड़ी पहुंचकर उत्तरकन्या में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक करेंगे।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति, सरकारी योजनाओं की प्रगति और क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर है। उत्तरकन्या परिसर को फ्लेक्स, फेस्टून और सजावट से सुसज्जित किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा किया गया है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

मंगलवार को भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने उत्तरकन्या पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तर बंगाल के विकास और प्रशासनिक गति को तेज करने के लिहाज से यह बैठक काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

   

सम्बंधित खबर