हिमाचल में ठंड का कहर जारी, शिमला का भी लुढ़का पारा

शिमला, 18 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और राजधानी शिमला में भी पारा तेजी से नीचे लुढ़क गया है। रविवार की रात जहां शिमला का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था, वहीं अब यह घटकर 7.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। शिमला इस समय पर्यटन स्थल कुफ़री (8.9 डिग्री सेल्सियस) से भी ज्यादा ठंडा हो गया है। पिछले 24 घंटों में शिमला के पारे में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे शहर में ठंड का असर काफी बढ़ गया है।

ऊपरी हिमालयी और जनजातीय क्षेत्रों में सर्दी लगातार कड़की बनी हुई है। लाहौल-स्पीति जिला के तीन स्थान ताबो (-1.4 डिग्री सेल्सियस), कुकुमसेरी (-5.1 डिग्री सेल्सियस) और केलांग (-0.2 डिग्री सेल्सियस) आज भी माइनस तापमान में हैं। वहीं समदो (1.9 डिग्री सेल्सियस) और आसपास के इलाकों में भी पारा शून्य के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को भारी ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। किन्नौर, चंबा और पांगी की ऊपरी घाटियों में ठंडी हवाएं चलने से तापमान और गिरने की संभावना है।

मनाली में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। रोहतांग और अटल टनल के ऊपरी हिस्सों में पुरानी बर्फ दिख रही है, लेकिन फिलहाल नई बर्फबारी के आसार नहीं हैं।

मैदानी जिलों में भी रातें असामान्य रूप से ठंडी हो गई हैं। हमीरपुर (6.9 डिग्री सेल्सियस), बिलासपुर (9.0 डिग्री सेल्सियस), कांगड़ा (8.7 डिग्री सेल्सियस), ऊना (9.0 डिग्री सेल्सियस) और मंडी (7.8 डिग्री सेल्सियस) में तापमान सामान्य से नीचे है। लोगों को सुबह-शाम की सर्द हवाओं ने दिनचर्या प्रभावित कर दी है।

प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी ठंड तेज हो गई है। सुंदरनगर (6.0 डिग्री सेल्सियस), भुंतर (4.5 डिग्री सेल्सियस), कल्पा (2.6 डिग्री सेल्सियस), धर्मशाला (8.0 डिग्री सेल्सियस), नारकण्डा (6.8 डिग्री सेल्सियस), भरमौर (8.4 डिग्री सेल्सियस), रिकांगपिओ (4.7 डिग्री सेल्सियस), सराहन (5.2 डिग्री सेल्सियस) और कसौली (9.9 डिग्री सेल्सियस) में भी ठंड में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

प्रदेश में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान हमीरपुर जिला के नेरी में 12.1 डिग्री सेल्सियस और पांवटा साहिब में 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। बावजूद इसके सुबह और शाम दोनों समय ठंड का असर महसूस किया जा रहा है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट बताती है कि हिमाचल प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। प्रदेश में हवा शुष्क बनी हुई है और पूरे सप्ताह मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले एक सप्ताह यानी 24 नवम्बर तक हिमाचल में कहीं भी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है। सुखी ठंड बढ़ने के कारण बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर