(अपडेट) कमिश्नरेट डे पर दिल्ली पुलिस का रिपोर्ट कार्ड: जघन्य अपराध घटे

नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस के परेड ग्राउंड में कमिश्नरेट डे-2026 धूमधाम से मनाया। समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू ने मुख्य अतिथि के रूप में सेरेमोनियल परेड की सलामी ली। इस दौरान पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने राजधानी की कानून-व्यवस्था का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए दावा किया कि वर्ष 2025 की तुलना में जघन्य अपराधों में आठ प्रतिशत, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत दर्ज मामलों में 12 प्रतिशत, वाहन चोरी में 21 प्रतिशत और अन्य चोरी के मामलों में 15 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। महिलाओं के खिलाफ अपराध में करीब 17 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि ऐसे मामलों में 98 प्रतिशत तक की डिटेक्शन दर हासिल की गई है।

समारोह को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि 1978 में दिल्ली में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद दिल्ली पुलिस ने लगातार अपनी कार्यशैली में बदलाव करते हुए आधुनिक और पेशेवर पुलिस बल के रूप में पहचान बनाई है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से 'विजिबल, ह्यूमेन, टेक्नोलॉजी आधारित और जनकेंद्रित पुलिसिंग' के मूल मंत्र को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में दिल्ली की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और इसके लिए पुलिस को नागरिकों के प्रति संवेदनशील, जवाबदेह और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध करानी होंगी।

उपराज्यपाल ने कहा कि महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा दिल्ली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने ऑपरेशन विश्वास के तहत लोगों की खोई हुई संपत्ति बरामद कर वापस दिलाने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है। ट्रैफिक व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजधानी में नियमों का पालन पहले से बेहतर हुआ है, लेकिन रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने जैसी लापरवाहियों को रोकने के लिए आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने, युवा पुलिस अधिकारियों को लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं समझने, समय पर पदोन्नति और पारदर्शी तबादला नीति लागू करने की बात कही। साथ ही शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों के कल्याण के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया।

पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने कहा कि अपराध नियंत्रण में तकनीक का व्यापक इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के खिलाफ दर्ज करीब 95 प्रतिशत मामलों में तय समय सीमा के भीतर आरोप पत्र दाखिल किए गए। इस वर्ष 35 पॉक्सो और 172 स्ट्रीट क्राइम मामलों में दो सप्ताह के भीतर चार्जशीट दाखिल की गई। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन गैंग बस्ट और मकोका के तहत कार्रवाई कर केवल अपराधियों ही नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने वाले पूरे नेटवर्क पर भी प्रहार किया गया है। इसके परिणामस्वरूप जघन्य अपराधों में हथियारों के इस्तेमाल में 27 प्रतिशत की कमी आई है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई एनसीओआरडी की बैठक में जारी 'नशा मुक्त भारत अभियान' के विजन दस्तावेज के अनुरूप दिल्ली पुलिस ने वैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर राजधानी में 123 ड्रग हॉटस्पॉट चिन्हित किए हैं। इसके अलावा उपराज्यपाल के निर्देश पर पूरे जुलाई महीने को 'चाइल्ड सेफ्टी अवेयरनेस मंथ' के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता से जुड़े विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

समारोह में 18 प्लाटूनों ने शानदार परेड प्रस्तुत की। इनमें छह पुरुष और छह महिला प्लाटून के अलावा ट्रैफिक यूनिट, स्पेशल सेल की स्वाट टीम, दिल्ली पुलिस सिक्योरिटी बटालियन, सेंट्रल पुलिस कंट्रोल रूम, मिनिस्ट्रियल स्टाफ और दिल्ली आर्म्ड पुलिस की टुकड़ियां शामिल थीं। दिल्ली पुलिस के पुरुष ब्रास बैंड और महिला पाइप एंड ब्रास बैंड ने भी आकर्षक प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर ड्यूटी के दौरान शहीद हुए कांस्टेबल विक्रम को मरणोपरांत 'आहत वीर सम्मान पत्र-2026' से सम्मानित किया गया। उनकी पत्नी अनीता सिंह ने यह सम्मान ग्रहण किया। ड्यूटी के दौरान घायल 10 पुलिसकर्मियों को भी 'आहत वीर सम्मान पत्र' प्रदान किए गए। इसके अलावा 27 पुलिसकर्मियों को विशिष्ट सेवा पदक (एमएसएम) से सम्मानित किया गया। स्वच्छता श्रेणी में ग्रेटर कैलाश थाना प्रथम और लक्ष्मी नगर थाना द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि द्वारका, पंजाबी बाग और पुलिस मुख्यालय की आवासीय कॉलोनियों को भी सर्वश्रेष्ठ रखरखाव के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में दिल्ली पुलिस के पूर्व और वर्तमान वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर