जर्जर स्कूल भवन के पुनर्निर्माण की मांग, सात दिन में स्वीकृति नहीं तो तालाबंदी

ग्राम अटंग स्थित शासकीय नवीन प्राथमिक शाला की जर्जर छत।

धमतरी, 02 जुलाई (हि.स.)।

जर्जर स्कूल भवन के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर ग्राम अटंग के ग्रामीण गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने शासकीय नवीन प्राथमिक शाला के नए भवन की स्वीकृति के लिए सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में मांग पूरी नहीं हुई तो स्कूल में तालाबंदी कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष शिव कुमार साहू, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष भागवत साहू एवं सरपंच प्रतिनिधि इंद्रजीत चेलक ने बताया कि शासकीय नवीन प्राथमिक शाला अटंग का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। भवन की दीवारों और छत से बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने के कारण कक्षाओं का संचालन प्रभावित होता है और छात्र-छात्राओं को भय के माहौल में पढ़ाई करनी पड़ रही है। स्कूल भवन की स्थिति से संबंधित विभाग और अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक नए भवन की स्वीकृति नहीं मिली।

ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल भवन निर्माण के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सात दिनों के भीतर नए भवन की लिखित स्वीकृति जारी नहीं की गई तो सभी ग्रामीण और अभिभावक स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन करेंगे। इस दौरान पूजा साहू, ईश्वरी साहनी, फुलेश्वरी, लिकेश्वरी साहू, गिरीश साहू, प्रभा, मोनिका साहू, रामप्रसाद सहित अन्य ग्रामीण, अभिभावक एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे।

   

सम्बंधित खबर