धुबड़ी एवं गौरीपुर रेलवे स्टेशनों के विकास कार्यों का डीआरएम ने किया निरीक्षण
- DSS Admin
- May 19, 2026

धुबरी (असम), 19 मई(हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अलीपुरद्वार मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) देवेंद्र सिंह ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे धुबड़ी रेलवे स्टेशन एवं गौरीपुर रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने दोनों स्टेशनों पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों तथा यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार से संबंधित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों के अनुपालन तथा विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
इसके अलावा, डीआरएम ने अलीपुरदुआर जंक्शन से धुबरी सेक्शन तक न्यू कोचबिहार रेलवे स्टेशन के रास्ते विंडो ट्रेलिंग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे ट्रैक, स्थायी संरचना, ट्रैक इंफ्रास्ट्रक्चर तथा मार्ग में स्थित अन्य रेलवे परिसंपत्तियों की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। निरीक्षण में रखरखाव के मानकों, सुरक्षा व्यवस्था तथा संपूर्ण आधारभूत संरचना की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) सहित मंडल के कई वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी उपस्थित रहे।

