नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री राजभूषण चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि 'फिट इंडिया' का सपना जल्द साकार करने के लिए तेजी से कार्य जारी है। इससे समाज का हर वर्ग शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सकेगा।
राजभूषण चौधरी आज दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में 'मेडस्केप इंडिया' द्वारा आयोजित 'फिट इंडिया कॉन्क्लेव 2026' को संबोधित कर रहे थे। इस विशेष कार्यक्रम के आयोजन में इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटी एंड सेफ्टी मैनेजमेंट (आईआईएसएसएम) ने भी अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में केंद्र सरकार 'फिट इंडिया' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तेजी से काम कर रही है।
मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत' योजना' के जरिए देश के गरीब से गरीब व्यक्ति को भी बेहतर चिकित्सा का लाभ मिल पा रहा है।
कॉन्क्लेव के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर एक बड़ा कदम उठाया गया। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. सुनीता दुबे और एसआईएस अलार्म एंड मॉनिटरिंग रिस्पांस सर्विस के सीईओ शंकर सुब्रह्मण्यम ने मेडस्केप इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में 'प्रोजेक्ट रेड फ्लैग' की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि यह तकनीक और पैनिक बटन पर आधारित एक आधुनिक 'इमरजेंसी रिस्पांस समाधान' है। इसे अस्पतालों, क्लीनिकों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं में तैनात स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। यह देश के स्वास्थ्य संस्थानों के लिए एक व्यावहारिक सुरक्षा ढांचे के रूप में काम करेगा।
इस एक दिवसीय कॉन्क्लेव में चिकित्सा जगत से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें युवा चिकित्सकों की जिम्मेदारियां और उनके अनुभव, स्वास्थ्य क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियां तथा मानवीय संवेदनाएं और हेल्थकेयर इनोवेशन (चिकित्सा नवाचार) की भविष्य में संभावनाएं शामिल है। इसके अलावा चिकित्सा और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय और अनुकरणीय कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया गया।
इस मौके पर केन्द्रीय समाज कल्याण एवम अधिकारिता मंत्री रामदास अठावले, पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, पूर्व उपराज्यपाल किरण बेदी, सांसद शिवाजी कलगे और नेशनल मेडिकल कमिशन के अध्यक्ष डॉ. अभिजात सेठ सहित अन्य अतिथिगण मौजूद रहे।
---------------

