'सरकार आपके द्वार' पहुंची पंचायत तक, कटिहार में 'सहयोग शिविर' का शुभारंभ
- DSS Admin
- May 19, 2026
कटिहार, 19 मई (हि.स.)। आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए पंचायत स्तर पर शुरू किए गए 'सहयोग शिविर' का कटिहार जिले में विधिवत उद्घाटन हुआ। भूतत्व एवं खनन तथा कला एवं संस्कृति मंत्री सह कटिहार जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने मंगलवार को तीन स्थानों पर शिविर का उद्घाटन किया।
प्रभारी मंत्री ने कटिहार प्रखंड के भवाड़ा पंचायत सरकार भवन, कोढ़ा प्रखंड के बहरहाल पंचायत सरकार भवन और फलका प्रखंड के भंगहा पंचायत स्थित बेसिक स्कूल भंगहा में आयोजित शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस शिविर के जरिए सरकार अब जनता के पास पहुंची है। किसी भी समस्या का निपटारा 30 दिन के भीतर सुनिश्चित होगा।
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि सहयोग शिविर के माध्यम से हर व्यक्ति की समस्या का समाधान जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। शिविर में निपटाए गए मामलों का प्रमाण पत्र प्रभारी मंत्री ने लोगों को अपने हाथों से सौंपा।
3002 में से 2995 आवेदन निपटे
शिविर के लिए एक महीने पहले से आवेदन लिए जा रहे थे। जिले में एक महीने के अंदर 3002 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2995 आवेदनों का निपटारा कर दिया गया है। शेष 7 आवेदनों का भी निष्पादन कर सेवा संवाद समाधान (SSS) पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश दिया गया है।
इन मामलों का होगा निपटारा
सहयोग शिविर में राजस्व से जुड़े दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र, आवास, पेंशन, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, लेबर कार्ड, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, पुलिस शिकायत, एफआईआर, पारिवारिक विवाद, महिला सुरक्षा और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता पर समाधान किया जाएगा। केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
शिविर का आयोजन हर महीने के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायत सरकार भवन या निकटवर्ती सार्वजनिक स्थल पर होगा। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कटिहार सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------

