मणिपुर में दो किलो हेरोइन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार; पीएलए और एनआरएफएम के दो उग्रवादी भी पकड़े गए
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
इंफाल, 02 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर में बीते 24 घंटे में सुरक्षा बलों और पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग दो किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन नंबर-4 बरामद की है। इस मामले में दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा पीएलए और एनआरएफएम से जुड़े दो उग्रवादियों को भी दबोचा गया।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय से मिली आज जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों ने बुधवार को पोरोमपट क्षेत्र में एक चारपहिया वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली। इस दौरान वाहन से 168 साबुनदानियों में छिपाकर रखी गई लगभग दो किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन नंबर-4 बरामद की गई। मामले में कांगपोकपी जिले के तुइलांगफाई निवासी बिग्यान बनिया (21) तथा नगालैंड के कोहिमा निवासी मनोज छेत्री (27) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया।
एक अन्य अभियान में मणिपुर पुलिस ने बुधवार को इंफाल पश्चिम जिले के पातसोई थाना क्षेत्र के तौबुंगखोक इलाके से पीएलए के उग्रवादी ओइनाम कलाजीत उर्फ याइखोम्बा सिंह (55) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार वह उगाही के साथ-साथ हथियार और गोला-बारूद की ढुलाई में भी शामिल था।
वहीं, एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के पातसोई थाना क्षेत्र के सगोलतोंगबा माखा लेइकाई से एनआरएफएम के उग्रवादी साइरेम बोलेक्स सिंह उर्फ पामेल (26) को गिरफ्तार किया। वह भी उगाही की गतिविधियों में संलिप्त बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।
-----------

