जेपीएनआईसी को बर्बाद करने वाले बिहार में वोट कैसे मांगेंगे : अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तेंदुए से संघर्ष करने वाले श्रमिक को दो लाख रुपये का चेक देते हुए।

लखनऊ, 05 जुलाई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय सेंटर (जेपीएनआईसी) के एलडीए को सौंपे जाने के फैसले को लेकर उप्र की योगी सरकार पर निशाना साधा है।

अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता को संबोधित करते कहा कि जिन लोगों ने जेपीएनआईसी को बर्बाद कर दिया, वो अब बिहार में वोट कैसे मांगेंगे ? हम जेपीएनआईसी के फाउंडर मेंबर हैं। उद्घाटन के समय जार्ज फर्नांडीज भी थे। नेताजी थे। समाजवाद और जेपी के योगदान के लिए इस केंद्र को बनाया गया है। अगर जेपीएनआईसी बेचना ही है तो हम समाजवादी लोग लेने के लिए तैयार हैं।

अखिलेश ने आवारा पशुओं के मामले में सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में जानवर सड़कों पर हैं। तहसीलों में पहुंच रहे, अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। इनकी वजह से बहुत सारे लोगों की क्षति हुई, जान गई है। उन्होंने कहा कि जबसे भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है, अतिक्रमण बड़े पैमाने पर है। प्रदेश में न तो विकास हो रहा है और न ही जनहित की कोई नीति दिखाई दे रही है।

सपा अध्यक्ष ने पर्यावरण के मामले में भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तेजी से जंगल काटे जा रहे हैं। पर्यावरण को नष्ट किया जा रहा है। पेड़ लगाने को रिकॉर्ड बनाया जा रहा है लेकिन वो रिकॉर्ड सही नहीं हैं। सरकार विकास के नाम पर विनाश का रास्ता अपना रही है। जब तक सरकार की सोच में पर्यावरण के संरक्षण की सोच नहीं होगी तब तक पर्यावरण नहीं बचेगा।

अखिलेश ने कानून व्यवस्था के नाम पर पुलिस कार्रवाई को गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जंगल राज फैल चुका है और शासन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इस दौरान लखीमपुर में बीते दिनों तेंदुए से भिड़कर अपने साहस का परिचय देने वाले श्रमिक काे सपा अध्यक्ष ने सम्मान किया। उन्होंने कहा कि आज एक बहुत बहादुर और साहसिक व्यक्ति को सम्मान देने के लिए हम लोग इकट्ठा हुए हैं। उन्होंने तेंदुए से संघर्ष करने वाले श्रमिक को दो लाख रुपये का चेक भी सौंपा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

   

सम्बंधित खबर