

रामगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ थाना क्षेत्र के परसोतिया मुहल्ले में रहने वाला एक परिवार वैष्णो देवी की यात्रा पर गया था। पिछले 10 दिनों से उसका घर बंद था। इसका फायदा चोरों ने उठाया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर चुरा लिए। शनिवार को जब घर का मालिक संतोष गुप्ता अपने पूरे परिवार के साथ लौटा तो टूटा हुआ ताला देख कर दंग रह गया। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। घर के मालिक ने बताया कि चोरों ने कमरे का भी ताला तोड़ा और अलमीरा में रखा जेवर चुरा लिया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही चोरों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
---------------

