स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की जागरूकता बैठक, पीसीसी अनिवार्य रखने की सलाह

हुगली, 04 जुलाई (हि. स.)। चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से शनिवार को श्रीरामपुर महकमा क्षेत्र के स्वर्ण व्यवसायियों और उनके कर्मचारियों के साथ सुरक्षा एवं जागरूकता को लेकर शनिवार को एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त सुनील कुमार यादव ने की।

बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त ने कहा कि स्वर्ण व्यवसायियों और उनके कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार सतर्क रहकर अपराधों को रोका जा सकता है। यदि सभी एहतियाती उपायों के बावजूद कोई घटना घट जाती है, तो उससे प्रभावी ढंग से कैसे निपटा जाए, इस पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने स्वर्ण व्यवसायियों से अपील की कि अपने यहां कार्यरत सभी कर्मचारियों का पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट अवश्य प्राप्त कर सुरक्षित रखें। इससे कर्मचारियों की पहचान, उनका स्थायी पता तथा उनके विरुद्ध किसी प्रकार का आपराधिक रिकॉर्ड होने या न होने की जानकारी उपलब्ध रहेगी।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह सलाह केवल स्वर्ण व्यवसायियों के लिए ही नहीं, बल्कि बड़े शॉपिंग मॉल, बैंक और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से नियमित रूप से बाजार क्षेत्रों, थानों, शोरूमों और दुकानों का निरीक्षण तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाती है।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यदि किसी अन्य राज्य का व्यक्ति किसी स्वर्ण दुकान या अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान में नौकरी के लिए आता है, तो संबंधित राज्य की पुलिस से संपर्क कर उसका पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट और पृष्ठभूमि की जांच पहले अवश्य कर लेनी चाहिए। इससे संभावित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

बैठक में स्वर्ण व्यवसायियों ने भी सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव रखे, जिन पर पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक सहयोग और समन्वय का भरोसा दिलाया।

---------------

   

सम्बंधित खबर