पूर्व एमएलसी अनवर आलम के निधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया शोक
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
पटना, 14 जून (हि.स.)। बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पटना नगर निगम के पार्षद असफ़र अहमद के पिता तथा पूर्व विधान परिषद सदस्य अनवर आलम के निधन पर राज्यभर में शोक की लहर है। बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्व एमएलसी अनवर आलम लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज पटना के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। उनके निधन से पार्टी और सामाजिक जीवन को अपूरणीय क्षति हुई है।
उन्होंने कहा कि अनवर आलम एक सक्रिय सामाजिक एवं राजनीतिक व्यक्तित्व थे, जिन्होंने लंबे समय तक जनता की सेवा की और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का वातावरण है।
राजेश राम ने दिवंगत नेता के पुत्र असफ़र अहमद एवं परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिवार के लिए अत्यंत कठिन समय है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
इस अवसर पर शोक व्यक्त करने वालों में विधान परिषद में दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा, राजेश राठौड़, कपिलदेव यादव, डॉ. स्नेहाशीष वर्धन, प्रेमचंद सिंह तथा पंकज यादव सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल रहे।----------

