महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में भाजपा नंबर वन बन कर उभरी
- Admin Admin
- Dec 21, 2025
मुंबई, 21 दिसंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनाव में भाजपा नंबर वन बन कर उभरी है। राज्य की कुल 288 नगराध्यक्ष में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के १२९ नगराध्यक्ष चुनाव जीत गए हैं और सूबे में भाजपा नंबर वन बन कर उभरी है। साथ ही शिवसेना शिंदे समूह के ५१ नगराध्यक्ष चुनाव जीतने में सफल हुए हैं और दूसरे क्रमांक की पार्टी बन गई है। इस चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) एपी के ३५ और कांग्रेस पार्टी के ३५ नगराध्यक्ष जीतने में सफल हुए हैं। इस चुनाव में शिवसेना यूबीटी को ९ , राकांपा एसपी को ७ और २२ निर्दलीय नगराध्यक्ष चुने गए हैं।
महाराष्ट्र में दो दिसंबर को नगर निकाय चुनाव संपन्न हुए थे और आज सुबह से मतगणना जारी है। नगराध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न हो गया है, जबकि पार्षदों के लिए हुए चुनाव की मतगणना जारी है। नगराध्यक्ष चुनाव में धुले जिले के डोंडाई नगरपालिका में नगराध्यक्ष पद पर मंत्री जयकुमार रावल की मां नयनकुंवर रावल और सभी पार्षद बिना किसी विरोध के चुने गए हैं। जलगांव जिले के जामनेर नगरपालिका में मंत्री गिरीश महाजन की पत्नी साधना महाजन पहले ही नगराध्यक्ष पद पर बिना किसी विरोध के चुनी जा चुकी हैं। इसी तरह अनगर नगर पालिका में पूर्व विधायक राजन पाटिल की बहू प्राजक्ता पाटिल बिना किसी विरोध के चुनी गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



