बीकानेर में 30 करोड़ के नशीले पदार्थ जब्त : तीन महीने में बड़ी कार्रवाई कर 135 मामले दर्ज, 171 आरोपिताें को किया गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
बीकानेर, 02 जुलाई (हि.स.)। बीकानेर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पिछले करीब तीन महीने में बड़ी कार्रवाई की गई है। इस अभियान में 135 मामले दर्ज कर 171 आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया है। जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों के साथ परिवहन में इस्तेमाल किए गए। साथ में वाहन और 13.09 लाख रुपये की ड्रग्स मनी भी जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने पत्रकाराें काे बताया कि अभियान का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी प्रहार करना, युवाओं को नशे से बचाना और ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना है।
इस दौरान पुलिस ने 14.076 किलोग्राम हेरोइन, 540.49 ग्राम स्मैक, 7.429 किलोग्राम अफीम, 3.71 किलोग्राम गांजा, 474.567 किलोग्राम डोडा, 28.82 ग्राम एमडीएमए, 156.16 ग्राम एमडी तथा 50,680 कैप्सूल बरामद किए। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत 30 करोड़ 75 लाख 54 हजार 705 रुपए बताई गई है। अभियान के दौरान नशीले पदार्थों की तस्करी और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 18 कार, 3 ट्रक-ट्रेलर, 2 स्कॉर्पियो, 18 मोटरसाइकिल, एक कैंपर और एक बोलेरो भी जब्त की गई हैं।
पुलिस का कहना है कि अब केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि पूरे ड्रग्स नेटवर्क, उसके वित्तीय स्रोत और सहयोगियों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
बीकानेर पुलिस ने अभियान के दौरान नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई तेज की। विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध निर्माण, कब्जे और अतिक्रमण हटाए गए। इनमें लूणकरणसर में करीब 5 करोड़ रुपए मूल्य की सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया, जबकि अन्य स्थानों पर अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत भी कई प्रकरणों में कार्रवाई की गई।
बीकानेर पुलिस ने नशे के खिलाफ आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए 'ऑपरेशन नीलकंठ हेल्पलाइन' (87645 07201) जारी की है।
इस नंबर पर ड्रग्स की बिक्री, तस्करी, संदिग्ध व्यक्तियों, नशे के अड्डों, ड्रग्स से अर्जित अवैध संपत्ति तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहनों की सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
---------------

