ऑपरेशन म्यूल हंटर अभियान: साइबर ठगों को बैंक खाता किराए पर देने वाला गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 19, 2026
जयपुर, 19 मई (हि.स.)। राजधानी के श्याम नगर थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों और बैंक खाते किराए पर देने वाले म्यूल अकाउंट होल्डर्स के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी के नाम पर खुला बैंक खाता साइबर ठगों को किराए पर दे रखा था। पुलिस जांच में खाते से करीब 4.20 करोड़ रुपए की साइबर ठगी का लिंक सामने आया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि श्याम नगर थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों और बैंक खाते किराए पर देने वाले म्यूल अकाउंट होल्डर्स के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपित ईश्वर शर्मा निवासी मोहम्मदाबाद जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) हाल विद्याधर नगर जयपुर को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने विद्याधर नगर स्थित ‘वीर स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी’ के नाम से एक प्रोपराइटर फर्म बनाकर बैंक में चालू खाता खुलवाया था। अधिक कमीशन के लालच में उसने यह खाता साइबर ठगों को उपयोग के लिए दे दिया। पुलिस जांच में पता चला कि महज चार दिनों में इस खाते में देशभर से ठगी गई 1 करोड़ 17 लाख रुपए की राशि जमा हुई।
पुलिस ने जब खाते को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल 1930 पर वेरीफाई किया तो देश के विभिन्न राज्यों से इस खाते के खिलाफ नौ साइबर शिकायतें दर्ज मिलीं। प्रारंभिक जांच में खाते के जरिए करीब 4 करोड़ 20 लाख रुपए की साइबर ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह बैंक खाता किन साइबर ठगों और विदेशी लिंक वाले गिरोहों को उपलब्ध कराया गया था। साथ ही पूरे नेटवर्क की मनी ट्रेल खंगाली जा रही है, जिससे अन्य साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
---------------

