दरभंगा, 02 जुलाई (हि.स.)। जिला के नेहरा थाना क्षेत्र में एक जून की रात हुई लूट की घटना का पुलिस ने एक माह के भीतर खुलासा कर दिया है।
इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, सोने की हनुमानी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चार अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बेनीपुर) वासुकीनाथ झा ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर नेहरा थाना पुलिस ने सबसे पहले सकरी थाना क्षेत्र के नरपत नगर निवासी टुनटुन चौपाल को लूटे गए मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने मोबाइल पंकज साहू को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने पंकज साहू को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पंडौल थाना क्षेत्र के नवटोलिया निवासी आशीष कुमार दास को गिरफ्तार किया गया तथा उसके घर से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पंडौल थाना क्षेत्र के दुर्गानंद ठाकुर तथा भालपट्टी थाना क्षेत्र के गोविंद कुमार चौपाल को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सभी गिरफ्तार आरोपियों ने लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में प्रकाश मंडल, साकेत कुमार, रौशन कमती तथा ब्रह्मदेव कुमार दास अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि एक जून की रात करीब 10:30 बजे नेहरा-लुल्हवा चौक के पास तरौनी गाछी नहर सड़क पर आइसक्रीम विक्रेता लाल बाबू महतो से बदमाशों ने मोबाइल, सोने की हनुमानी सहित अन्य सामान लूट लिया था। पीड़ित के बयान पर नेहरा थाना में कांड संख्या 77/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
---------------

