मजबूत बूथ ही भाजपा की जीत की गारंटी, विस चुनाव में बूथ प्रबंधन निभाएगा निर्णायक भूमिका : राकेश जमवाल

मंडी, 04 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने जिला मंडी में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन का महत्व समझाते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित संगठन और बूथ स्तर तक सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सफलता का मार्ग बूथ से होकर गुजरता है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को सबसे मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

राकेश जमवाल ने कहा कि भाजपा केवल नारों और चुनावी सभाओं के भरोसे नहीं, बल्कि मजबूत संगठन, सूक्ष्म योजना और बूथ स्तर पर निरंतर कार्य के दम पर चुनाव जीतती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक परिवार और मतदाता तक व्यक्तिगत पहुंच बनाने तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बूथ प्रबंधन का अर्थ केवल मतदान दिवस की तैयारी नहीं, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनना, लाभार्थियों से संवाद बनाए रखना, नए मतदाताओं को जोड़ना और संगठनात्मक गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाना है। उन्होंने बूथ समितियों, पन्ना प्रमुखों, शक्ति केंद्रों और मंडल स्तर की टीमों से समन्वित और सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

जमवाल ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को ‘विजय बूथ’ बनाने का लक्ष्य तय करने, नियमित बैठकें आयोजित करने, मतदाता सूची का गहन अध्ययन करने तथा युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ से मजबूत मंडल, मजबूत विधानसभा और अंततः प्रदेश में भाजपा की सरकार का मार्ग प्रशस्त होगा।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के समय जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती है, जबकि भाजपा का कार्यकर्ता पूरे पांच वर्ष जनसेवा में सक्रिय रहता है। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ताओं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों के आधार पर भाजपा प्रदेश में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर