सीवान जंक्शन पर आरपीएफ ने स्वान दस्ते के साथ चलाया सघन जांच अभियान
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
सीवान, 04 जुलाई (हि.स.)। यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे स्टेशन की संरक्षा को लेकर शनिवार को सीवान जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने स्वान दस्ते के साथ विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की गई। जांच में कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली और पूरा स्टेशन परिसर सुरक्षित पाया गया।
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, सीवान के प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर उप निरीक्षक जयेंद्र कुमार मिश्रा ने आरपीएफ टीम तथा छपरा से पहुंचे स्वान दस्ता के सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव, उनके स्टाफ और डॉग स्क्वायड के स्वान 'रैंबो' के साथ संयुक्त रूप से विशेष सुरक्षा अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सीवान जंक्शन के सभी प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश एवं निकास द्वार, फुट ओवर ब्रिज , प्रतीक्षालय, बुकिंग कार्यालय, आरक्षण केंद्र, पार्सल कार्यालय, पार्किंग क्षेत्र समेत अन्य संवेदनशील स्थानों का गहन निरीक्षण किया गया।
स्वान दस्ते की सहायता से स्टेशन परिसर में रखे लावारिस बैग, संदिग्ध पैकेट और अन्य वस्तुओं की बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर खड़ी एवं गुजरने वाली प्रमुख मेल, एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनों के सामान्य एवं आरक्षित कोच, लगेज वैन तथा यात्रियों के सामान की भी सघन जांच की गई।
आरपीएफ टीम ने स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखते हुए आवश्यक पूछताछ और सत्यापन भी किया। साथ ही यात्रियों, कुलियों, वेंडरों और अन्य रेल उपयोगकर्ताओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल आरपीएफ अथवा जीआरपी को देने की अपील की।
चेकिंग अभियान के दौरान स्वान दस्ते ने सभी संवेदनशील स्थानों का विधिवत निरीक्षण किया। जांच में किसी प्रकार का विस्फोटक, ज्वलनशील या अन्य संदिग्ध सामान नहीं मिला।
आरपीएफ ने बताया कि निरीक्षण के बाद स्टेशन परिसर पूरी तरह सुरक्षित एवं सामान्य पाया गया।
---------------

