
पानीपत, 8 मार्च (हि.स.)। शनिवार काे समालखा कस्बे में एक सड़क हादसे में बैंक गनमैन की मौत हो गई। वह सोनीपत के गन्नौर से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोग उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां उसके पास से मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान की गई। उसके परिजनों को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां पहुंच कर उन्हें पता लगा कि हादसे में रामनिवास की मौत हो गई है। मृतक के भाई सुरेंद्र ने बताया कि वह गांव चुलकाना का रहने वाला है और दो बेटों का पिता था। दोनों बेटे विवाहित हैं। रामनिवास गन्नौर के एक बैंक में बतौर गनमैन लगा हुआ था। रोजाना की तरह वह काम से लौट रहा था। रास्ते में गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में रामनिवास की मौत हो गई। हादसा करने वाले अज्ञात आरोपी का पता नहीं लग पाया, जिसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा