अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित राय के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
कोलकाता, 15 जून (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के करीबी सहयोगी सुमित राय के खिलाफ मेदिनीपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने सोमवार को गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। पुलिस कई दिनों से उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। इसके बाद पुलिस ने अदालत में गिरफ्तारी वारंट जारी करने की अर्जी दी थी, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने यह आदेश दिया।
जानकारी के अनुसार, शालबनी थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले की जांच के सिलसिले में सुमित राय की तलाश की जा रही है। जांच के दौरान भूमि घोटाला मामले में गिरफ्तार मेदिनीपुर के पूर्व विधायक सुजय हाजरा से पूछताछ में सुमित का नाम सामने आने का दावा किया गया है। इसी के बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी।
सुमित राय की खोज में शनिवार तड़के शालबनी थाना पुलिस केंद्रीय बलों के साथ कोलकाता के कालीघाट स्थित अभिषेक बनर्जी के आवास पहुंची थी। पुलिस को संदेह था कि सुमित वहीं मौजूद हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, सुमित के मोबाइल का अंतिम टावर लोकेशन अभिषेक के आवास के आसपास मिला था। इसी आधार पर पुलिस ने वहां तलाशी अभियान चलाया। लंबे इंतजार के बाद पुलिस ने ताला तोड़कर घर के भीतर प्रवेश किया और तलाशी ली, लेकिन सुमित का कोई सुराग नहीं मिला।
उसी दिन पुलिस ने हुगली जिले के श्रीरामपुर स्थित सुमित राय के ससुराल में भी छापेमारी की, लेकिन वहां से भी उन्हें खोजा नहीं जा सका। लगातार तलाश के बावजूद कोई सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने अदालत का दरवाजा खटखटाया और गिरफ्तारी वारंट की मांग की।
फिलहाल सुमित राय की तलाश जारी है और गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज होने की संभावना है।
इस बीच, भूमि घोटाला मामले में गिरफ्तार पूर्व विधायक सुजय हाजरा की पुलिस हिरासत की अवधि भी सोमवार को समाप्त हो रही है। उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया जाना है। इससे पहले मेदिनीपुर की अदालत ने सुजय को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था।

