रिषड़ा में पूर्व सैनिकों की अहम बैठक, वीर नारियों की समस्याओं और सैनिक हितों पर हुई चर्चा
- DSS Admin
- May 24, 2026
हुगली, 24 मई (हि. स.)। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद की हुगली शाखा से जुड़े पूर्व सैनिकों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार शाम रिषड़ा के लक्खी पल्ली इलाके में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और पूर्व सैनिकों ने राज्य में पूर्व सैनिकों के अधिकार, रोजगार, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा जैसे विषयों पर अपनी राय रखी।
संगठन के अध्यक्ष मनोज बनर्जी ने कहा कि परिषद का मुख्य उद्देश्य देश की सेवा कर चुके सैनिकों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा करना है।
उन्होंने कहा कि संगठन पश्चिम बंगाल में पूर्व सैनिकों को रोजगार के अवसर दिलाने, वीर नारियों की पेंशन और अन्य प्रशासनिक समस्याओं के समाधान में सहयोग करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
मनोज बनर्जी ने बताया कि संगठन जल्द ही पूर्व सैनिक चंद्रनाथ रथ की हत्या के विरोध में आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर व्यापक स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों को सम्मान और सुरक्षा मिलना बेहद जरूरी है। संगठन ने भविष्य में भी सैनिक हितों को लेकर सक्रिय रूप से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
---------------

