ऑटो-टोटो चालकों से वसूली के आरोप में तृणमूल नेता गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 19, 2026
उत्तर 24 परगना, 19 मई (हि. स.)। जिले के हाबरा इलाके में ऑटो और टोटो चालकों से कथित रूप से नियमित वसूली करने के आरोप में सोमवार देर रात तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक नेता तारक दे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने उन्हें देखते ही ‘चोर-चोर’ के नारे भी लगाए। मंगलवार तारक दे को बारासात अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हाबरा के अरविंद रोड निवासी तारक दे इलाके में पूर्व विधायक ज्योतिप्रिय मल्लिक के करीबी के रूप में जाने जाते थे। इसी वजह से उन्हें श्रमिक संगठन की जिम्मेदारी मिली थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तारक दे लंबे समय से राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर हाबरा क्षेत्र में ऑटो और टोटो चालकों से पैसे वसूलते थे। आरोप है कि हाबरा-फुलतला रूट समेत शहर के कई ऑटो और टोटो रूट पर उनका नियंत्रण था। स्थानीय लोगों का दावा है कि उनके नियंत्रण में लगभग 37 ऑटो और टोटो चलते थे।
आरोप है कि चालकों को डराकर और राजनीतिक दबाव बनाकर उनसे नियमित रूप से पैसे वसूले जाते थे। यदि कोई चालक इसका विरोध करता तो उसे धमकियों का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा हाबरा उत्सव के नाम पर स्थानीय व्यापारियों से भी पैसे वसूलने का आरोप लगा है।
बताया गया है कि पिछले शनिवार फुलतला इलाके के एक टोटो चालक ने हाबरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने टाकी रोड के पास विवेकानंद पल्ली इलाके से तारक दे को गिरफ्तार किया।
मंगलवार को जब आरोपित को प्रिजन वैन में बैठाया जा रहा था, तब थाने के सामने मौजूद स्थानीय लोगों के एक समूह ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए।
इस मामले पर तृणमूल नेता विश्वजीत समाद्दार ने कहा कि जो लोग पार्टी का नाम लेकर गलत काम करते हैं और आम लोगों पर अत्याचार करते हैं, उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही हैं।
---------------

