चलती अवध - असम एक्सप्रेस से गिरा यात्री, गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती

घायल यात्री को अस्पताल ले जाते आरपीएफ के अधिकारी

सीवान, 04 जुलाई (हि.स)। सीवान जंक्शन यार्ड के अप लाइन पर शनिवार की सुबह चलती अवध -असम एक्सप्रेस से गिरकर एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल यात्री की पहचान पूछताछ में घायल ने अपनी पहचान प्रमोद मुखिया (35 वर्ष) के रूप में हुई है जो सहरसा जिले के जल्ले थानाक्षेत्र के पूनाछरही टोला निवासी कुशेश्वर मुखिया का पुत्र है। रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के अनुसार शनिवार सुबह 7:10 बजे स्टेशन मास्टर से सूचना मिली कि जीरादेई साइड में सीवान यार्ड में कांटा संख्या-201 के समीप अप लाइन के किलोमीटर संख्या 387/9-11 के दक्षिण एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है।

सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक मयंक भूषण तिवारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर एक व्यक्ति के ललाट पर गंभीर चोट लगी हुई थी। रेलवे अस्पताल सीवान के स्वास्थ्यकर्मी मनोज कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। पूछताछ में घायल ने अपनी पहचान बताई।

घायल ने बताया कि वह मंडी डबवाली से समस्तीपुर जाने के लिए असम एक्सप्रेस के गेट पर बैठकर यात्रा कर रहा था. इसी दौरान अचानक असंतुलित होकर ट्रेन से नीचे गिर गया। उसके पास से मंडी डबवाली से समस्तीपुर तक का साधारण यात्रा टिकट भी बरामद हुआ, जो फटी हुई अवस्था में मिला।

आरपीएफ ने तत्काल 102 एंबुलेंस की सहायता से घायल को सदर अस्पताल, सीवान में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना गृह थाना जल्ले के माध्यम से परिजनों को दे दी गई है। मामले की जांच आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक सुरेश कुमार यादव को सौंपी गई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर