सीवान, 03 जुलाई (हि.स.)। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सीवान-गोपालगंज हाईवे पर कुशवाहा मोड़ के समीप शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहन गांव निवासी मनोज बैठा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मनोज बैठा साइकिल से शहर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोपालगंज की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने वाहन रोकने के बजाय उन्हें रौंदते हुए ट्रक लेकर छपरा की ओर फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल मनोज बैठा को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान उसके पास मिले मोबाइल फोन में मौजूद परिजनों के नंबर के आधार पर की गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

