भ्रष्टाचार और हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ़्तार रामेंदु सिंह राय अदालत में पेश

हुगली, 22 जून (हि. स.)। सरकारी सामग्री के अवैध भंडारण, अवैध वसूली और क्षेत्र में हुई हिंसक घटनाओं को बढ़ावा देने के आरोप में गिरफ्तार तारकेश्वर के पूर्व विधायक तथा हुगली संगठनात्मक जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष रामेंदु सिंह राय को सोमवार को पुलिस ने चंदननगर अदालत में पेश किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रामेंदु सिंह राय के खिलाफ दर्ज कई शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान कुछ दिन पहले धानियाखाली थाना पुलिस ने उन्हें कर्नाटक के बेलगावी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पश्चिम बंगाल लाकर पूछताछ की गई।

पुलिस का आरोप है कि रामेंदु सिंह राय के खिलाफ सरकारी सामग्री को अवैध रूप से जमा करने, वसूली के जरिए धन उगाही करने तथा क्षेत्र में घटित विभिन्न हिंसक घटनाओं में सहयोग और समर्थन देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाने में लगी हुई है।

सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपित को चंदननगर अदालत में पेश किया गया।

हालांकि तृणमूल कांग्रेस के एक वर्ग ने इन आरोपों को राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित बताया है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि मामले को राजनीतिक प्रतिशोध के तहत आगे बढ़ाया जा रहा है।

वहीं, विपक्षी दलों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर