लगातार बारिश से दस दिन और बंद रहेगी टॉय ट्रेन सेवा

सिलीगुड़ी, 02 जुलाई (हि. स.)। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ों की हरियाली और भी निखर गई है। प्रकृति मानो नए रूप में सज गई हो। ऐसे मौसम में टॉय ट्रेन से दार्जिलिंग की यात्रा करने का अलग ही आनंद होता है, लेकिन फिलहाल पर्यटकों को निराश होना पड़ रहा है। न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) से दार्जिलिंग के बीच चलने वाली टॉय ट्रेन सेवा अभी और दस दिनों तक बंद रहेगी। हालांकि टॉय ट्रेन की पटरियों की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है, लेकिन भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत अभी बाकी है। इसी कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) ने सेवा बंद रखने का फैसला किया है।

डीएचआर के निदेशक ऋषभ चौधरी के अनुसार, नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) द्वारा सड़क मरम्मत का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। सड़क पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही टॉय ट्रेन सेवा फिर से शुरू की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जून के तीसरे सप्ताह में महानदी इलाके में भूस्खलन हुआ था, जिससे लगभग पांच फुट तक टॉय ट्रेन की पटरी क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके साथ ही पटरियों के पास की सड़क भी बुरी तरह प्रभावित हुई थी। इसके बाद तत्काल प्रभाव से एनजेपी-दार्जिलिंग रूट पर ट्रेन सेवा रोक दी गई थी। ट्रैक की मरम्मत का काम पूरा हो चुका है, लेकिन सड़क का काम अभी जारी है। इसे पूरा होने में कम से कम दस दिन और लग सकते है। इसके बाद ही इस रूट पर टॉय ट्रेन दोबारा चलेगी।

इधर, लंबे समय से सेवा बंद रहने के कारण पर्यटक काफी निराश है। कई लोग दूर-दराज से सिलीगुड़ी आकर टॉय ट्रेन से यात्रा करने का प्लान बनाते है, लेकिन आखिरी समय में उन्हें अपनी योजना रद्द करनी पड़ रही है। इस स्थिति को देखते हुए डीएचआर ने अग्रिम बुकिंग का पैसा वापस करना भी शुरू कर दिया है।

डीएचआर इंडिया सपोर्ट ग्रुप के महासचिव राज बसु ने कहा कि भूस्खलन के कारण एक लूप पहले ही बंद हो चुका है। ऐसे में भविष्य में इस तरह की समस्याओं से बचने के लिए हर साल एक निश्चित समय पर रखरखाव के लिए सेवा बंद करने की योजना बनानी चाहिए, ताकि पर्यटकों को परेशानी न हो।

इस बीच, डीएचआर ने एक अधिसूचना जारी कर सिलीगुड़ी जंक्शन से तीनधारिया जंगल सफारी के समय में बदलाव किया है।

नए समय के अनुसार, ट्रेन दोपहर 12 बजे सिलीगुड़ी जंक्शन से रवाना होगी और तीनधारिया होते हुए शाम 5:55 बजे वापस सिलीगुड़ी जंक्शन पहुंचेगी।

   

सम्बंधित खबर