रिषड़ा में डिलीवरी संस्था के राइडर्स हड़ताल पर, पार्षद मनोज सिंह धरने पर बैठे
- DSS Admin
- May 19, 2026
हुगली, 19 मई (हि.स.)। रिषड़ा के बागखाल इलाके स्थित एक निजी डिलीवरी संस्था के करीब 75 राइडर्स पिछले तीन दिनों से हड़ताल पर हैं। राइडर्स ने संस्था प्रबंधन पर कम भुगतान, शोषण और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही रिषड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 10 के पार्षद मनोज सिंह मंगलवार को मौके पर पहुंचे और हड़ताली राइडर्स से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और फिर उनके समर्थन में धरने पर बैठ गए।
राइडर्स का आरोप है कि संस्था की ओर से उन्हें पर्याप्त मेहनताना नहीं दिया जा रहा है, जबकि काम का दबाव लगातार बढ़ाया जा रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रबंधन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा। इसके विपरीत, विरोध करने पर प्रबंधन के कुछ लोगों द्वारा धमकियां दी जा रही हैं।
हड़ताली राइडर्स ने पूरे मामले की लिखित शिकायत रिषड़ा थाना में भी दी है।
मौके पर पहुंचे भाजपा पार्षद मनोज सिंह ने राइडर्स की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि श्रमिकों की जायज मांगों को प्रबंधन को तुरंत मानना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राइडर्स की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
राइडर्स के समर्थन में मनोज सिंह स्वयं धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि जब तक राइडर्स की मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
---------------

