उप्र के मीरजापुर जिले में नहर में डूबने से बालक की मौत

मीरजापुर, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में राजगढ़ थाना क्षेत्र के रैकरी गांव में रविवार सुबह एक बालक की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान रवि मुसहर (7) पुत्र गणेश मुसहर के रूप में हुई है। रवि अपने मामा और बड़े भाई कृष्णा के साथ शौच के लिए नहर किनारे गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बालक को नहर से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. संतलाल ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के दादा राजकुमार ने बताया कि रवि दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता गणेश मुसहर कुछ दिन पहले ही काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हैं। थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर