- ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने का लिया संकल्प
मीरजापुर, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में जिगना क्षेत्र के नरोइयां गांव स्थित पंचायत भवन में शनिवार को आयोजित आपदा प्रबंधन जागरूकता बैठक में ग्रामीणों को प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के उपाय बताए गए। इस दौरान ग्रामीणों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प भी लिया।
ग्राम सचिव अभिषेक पाराशर ने बताया कि वर्षा ऋतु में महुआ, बरगद जैसे बड़े पेड़ों के नीचे खड़ा होने से बचना चाहिए। खेतों में धान की रोपाई या जुताई के दौरान यदि बिजली चमकने लगे तो तुरंत खुले स्थान पर जमीन के सहारे बैठ जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सांप काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराना चाहिए तथा तेज बारिश के दौरान नदी-नालों को पार करने का जोखिम नहीं उठाना चाहिए।
बैठक में प्रशासक अशोक बिंद ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण असंतुलन बढ़ रहा है। उन्होंने ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया और आश्वस्त किया कि शीघ्र ही पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने घोषणा की कि गांव में सबसे अधिक पौधरोपण करने वाले व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से सम्मानित कर नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
बैठक में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वच्छता अभियान चलाने तथा गांव को एकल उपयोग वाली प्लास्टिक से मुक्त बनाने के लिए कपड़े के थैलों के उपयोग की अपील भी की गई।
इस अवसर पर पंचायत सहायक विंध्य प्रकाश जायसवाल, कैलाशनाथ, विश्वंभर, रविशंकर, धनराज, हरीशंकर सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------

