कुमाऊँ विश्वविद्यालय में नव नियुक्त शिक्षकों को मिलेगा शोध अनुदान
- DSS Admin
- May 19, 2026
नैनीताल, 19 मई (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान एस रावत ने विश्वविद्यालय में नव नियुक्त शिक्षकों एवं विभागाध्यक्षों के साथ बैठक कर शोध, नवाचार और शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ावा देने पर चर्चा की। बैठक में बताया गया कि विश्वविद्यालय द्वारा प्रत्येक नव नियुक्त शिक्षक को शोध कार्यों के लिए छह लाख रुपये तक का अनुसंधान अनुदान प्रदान किया गया है। कुलपति ने इसे विश्वविद्यालय में शोध संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कुलपति प्रो. रावत ने कहा कि सभी विभागाध्यक्षों द्वारा नव नियुक्त शिक्षकों को विभागों में कार्यालय उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उन्हें शैक्षणिक एवं अनुसंधान कार्यों के लिए बेहतर वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने विभागाध्यक्षों के सहयोग की सराहना करते हुए युवा शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शोध, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। बैठक में प्रो. दीपक पालीवाल, प्रो. प्रीति आर्या, डॉ. बामा प्रसाद दत्ता, डॉ. मीनू रानी, डॉ. रमेश बेलवाल, डॉ. जिबू साबू एम. तथा उप पुस्तकाध्यक्ष डॉ. चारु तिवारी सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रो. एलएम जोशी, प्रो. ज्योति जोशी, प्रो. चंद्रकला रावत, प्रो. आशीष मेहता एवं प्रो. अनीता पांडे भी मौजूद रहे।
---------------

