मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के ग्राम पीपली अहीर की चकबंदी पूरी
- DSS Admin
- May 18, 2026
एक अन्य गांव की चकबंदी जून तक पूरी होने की संभावना
मुरादाबाद, 18 मई (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के ग्राम पीपली अहीर की चकबंदी पूरी हो गई है। इस मामले में जिला प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। अभी जिले में 43 गांवों में चकबंदी का काम चल रहा है।
जिले के सदर तहसील क्षेत्र के 20 गांवों में चकबंदी का कार्य चल रहा है। इसी प्रकार ठाकुरद्वारा के 21 गांव, कांठ तहसील क्षेत्र के तीन गांवों और बिलारी तहसील क्षेत्र के एक गांव जैतिया फिरोजपुर में चकबंदी जारी है।
चकबंदी अधिकारी अशोक कुमार ने सोमवार को बताया कि ठाकुरद्वारा तहसील क्षेत्र के गांव पीपली अहीर ऐहतमाली के 51 हेक्टेयर क्षेत्रफल की चकबंदी पूरी कर ली गई है। जिला प्रशासन ने चकबंदी पूरी होने की रिपोर्ट शासन को एक दिन पहले भेज दी है।
इस गांव में चकबंदी का कार्य मार्च 2024 से चल रहा था। इसी प्रकार फरीदनगर ऐहतमाली गांव में जून तक चकबंदी का कार्य पूरा होने की संभावना है। इसके अलावा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने के लिए एक माह से गांवों में चौपाल लगाने का कार्य चल रहा है।
गांवों में शिकायतें मिलने के बाद उनका निस्तारण करने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी जाती है।

