भूमि विवाद सुलझने के बाद बसोहली में जल परियोजना को मिली रफ्तार, फिल्ट्रेशन प्लांट निर्माण शुरू

Water project in Basohli gains momentum after resolution of land dispute; construction of filtration plant begins.


बसोहली, 10 जून । भूमि विवाद के समाधान के बाद बसोहली में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए एडीसी बसोहली पंकज भगोत्रा ने अमृत 2.0 योजना के तहत फिल्ट्रेशन प्लांट और ट्यूबवेल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस मौके पर जल शक्ति विभाग के एई सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। एडीसी ने बताया कि वार्ड नंबर 10 में रैपिड सैंड फिल्ट्रेशन प्लांट और ट्यूबवेल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। यह परियोजना भूमि विवाद के कारण लंबे समय से रुकी हुई थी जिसे अब सुलझा लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्य को छह माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने आगे जानकारी दी कि अमृत 2.0 योजना के तहत करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बसोहली शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को उन्नत किया जा रहा है। इस परियोजना में 50,000 और 30,000 गैलन क्षमता के दो ओवरहेड टैंक, रैपिड सैंड फिल्ट्रेशन प्लांट, ट्यूबवेल और शहर की जल आपूर्ति पाइपलाइन का उन्नयन शामिल है।

एडीसी ने बताया कि दोनों ओवरहेड टैंकों का निर्माण कार्य पहले से जारी है जबकि फिल्ट्रेशन प्लांट और ट्यूबवेल का कार्य आज से शुरू हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना के पूरा होने से बसोहली शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर