
चंडीगढ़, 20 मई । अमृतसर पुलिस ने नशा तस्करी के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए दो तस्करों के कब्जे से दस किलो आर्ईस (मेथामफेटामाइन) और 4 किलो हेरोइन बरामद की है।
पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित विदेश में बैठे एक बड़े ड्रग तस्कर के संपर्क में थे, जो दुबई और अबूधाबी से इस पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था। वह उसी के निर्देशों पर पंजाब और दिल्ली में नशीले पदार्थों की सप्लाई का काम कर रहे थे। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि एक आरोपित हाल ही में दुबई से वापस लौटा था, जहां उसे इस अवैध कारोबार के लिए प्रशिक्षण दिया गया था और उसे हेरोइन व आईस की खेपों की तस्करी का जिम्मा सौंपा गया था।
उन्होंने बताया कि यह नेटवर्क पंजाब के माझा और दोआबा क्षेत्रों में नशे की सप्लाई को फैलाने में सक्रिय था। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां संभव हैं, क्योंकि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। पंजाब पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
---------------

