ट्रेन की चपेट में आने से किशोरी घायल, अस्पताल में भर्ती

फर्रुखाबाद ,1 दिसंबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के थाना कमालगंज क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने सोमवार दोपहर बाद दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल किशोरी की पहचान प्रिया पुत्री मुकेश निवासी अहमदपुर देवरिया, थाना जहानगंज के रूप में हुई है।

हादसे की जानकारी होते ही पास में माैजूद शिवम शुक्ला, विपिन, राहुल गुप्ता अस्पताल से स्ट्रेचर खुद उठाकर लाए। उन्होंने बिना देर किए घायल किशोरी को सीएचसी कमालगंज में भर्ती कराया। अस्पताल में तैनात डॉ. विकास पटेल ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रिया की हालत नाजुक बताते हुए उसे जिला अस्पताल लोहिया रेफर कर दिया। कुछ ही देर में किशोरी की दीदी और जीजा अस्पताल पहुंचे और उसे संभालने में जुट गए। थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे से संबंधित जानकारी एकत्र की। पुलिस ने परिजनों से आवश्यक पूछताछ की है। पुलिस घटनाक्रम की आगे जांच कर रही है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि लड़की को होश आने के बाद घटना की सही जानकारी मिल सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

   

सम्बंधित खबर