हरियाणा कौशल रोजगार निगम के हटाए गए कर्मचारियों को वापिस ले सरकार: सर्व कर्मचारी संघ

व तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए पदाधिकारी।

कैथल, 11 अप्रैल (हि.स.)। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर पूरे प्रदेश में हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगे अध्यापकों व कर्मचारियों को हटाने के विरोध में और दोबारा से नौकरी पर लेने की मांग को लेकर सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए गए। इसी कड़ी में शुक्रवार काे कैथल जिले में जिला सचिवालय पर प्रदर्शन करते हुए तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसकी अध्यक्षता जिला प्रधान शिवचरण ने व संचालन जिला सचिव मास्टर रामपाल शर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि अगर 19 अप्रैल तक सभी हटाए गए कर्मचारियों को वापिस नहीं लिया तो 20 अप्रैल को कुरुक्षेत्र स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पर राज्य स्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य उपप्रधान जरनैल सिंह, जिला उपप्रधान ओमपाल भाल, उपप्रधान छज्जू राम, सावित्री देवी, सलाहकार जयप्रकाश शास्त्री, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान रमेश हरित, कौशल कर्मचारियों के जिला प्रधान बलराज शास्त्री व टेकचंद ने कहा कि हरियाणा सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत विभिन्न विभागों में लाखों कर्मचारियों को नियुक्त किया था और 5 साल की सेवा के बाद सेवा सुरक्षा का वादा भी किया गया है।

पांच साल पूरे होने से पहले ही इन कर्मचारियों को कार्यमुक्त किया जा रहा है। जबकि सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 2 लाख से ज्यादा कर्मचारियों के पद खाली है। जरूरत के बावजूद कर्मचारियों को हटाना हरियाणा सरकार की बदनीयती को दर्शाता है। संगठन मांग करता है कि हटाए गए सभी कर्मचारियों को वापिस लिया जाए और भविष्य में किसी भी कर्मचारी को कार्यमुक्त करने की बजाय जरूरत के अनुसार अन्य कार्यालय या स्कूल में सेवाएं लेकर रोजगार बरकरार रखा जाए। इस अवसर पर शिक्षा विभाग,बिजली,नगरपालिका, पब्लिक हेल्थ,सिंचाई, भवन निर्माण, रोडवेज,हुडा, वन व स्वास्थ्य विभाग समेत सभी विभागों से सैंकड़ों की संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज वर्मा

   

सम्बंधित खबर