पटियाला में पानी की टंकी पर चढ़े मीटर रीडर:पावरकॉम कर्मचारियों का प्रदर्शन उग्र; आउटसोर्सिंग पॉलिसी को लेकर जताया विरोध
- Neha Gupta
- Jul 01, 2026
पटियाला में पावरकॉम के आउटसोर्स मीटर रीडर कर्मचारियों का आंदोलन तेज हो गया है। अपनी मांगों को लेकर आज 10 कर्मचारी पानी की टंकी पर चढ़ गए, जबकि अन्य कर्मचारी नीचे धरना दे रहे हैं। यूनियन नेताओं के अनुसार, सरकार ने आउटसोर्स व्यवस्था खत्म कर लगभग 65 हजार कर्मचारियों को विभाग में नियमित करने का वादा किया था। हालांकि, इस दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मीटर रीडरों सहित आउटसोर्स कर्मचारी पिछले करीब 10 दिनों से पटियाला स्थित पावरकॉम मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं। उनकी मुख्य मांग है कि आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त कर सभी कर्मचारियों को विभाग में शामिल करते हुए नियमित किया जाए। सरकार से कई बार हो चुका हैं बैठकें यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने कई बार बैठक बुलाने का आश्वासन दिया, लेकिन हर बार बैठक या तो टाल दी गई या रद्द कर दी गई। सरकार के इस रवैये से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। सरकार की ओर से कोई सकारात्मक फैसला नहीं लिए जाने के विरोध में आंदोलन को और तेज कर दिया गया है। इसी के तहत आज कुछ कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया।

