रांची में महिला की हत्या, पति गंभीर रूप से घायल

रांची, 01 दिसंबर (हि.स.)। रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या करने का मामला सोमवार को प्रकाश में आया है। महिला के घर से उसका गला रेता हुआ शव मिला है, जबकि महिला के पति भी धारदार हथियार के हमले में गंभीर रूप से घायल हैं। मृतक की पहचान ममता करमाली और घायल की पहचान उनके पति लालू करमाली के रूप में हुई है।

पुलिस को घटना की जानकारी सोमवार की शाम को हुई। पुलिस के जरिये घायल लालू करमाली को रिम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल होने की वजह से लालू का बयान पुलिस नहीं ले पाई है। पुलिस के अनुसार, यह वारदात सोमवार की शाम लगभग चार बजे दंपती के घर में हुई। मामले की जानकारी पड़ोसियों की ओर से पुलिस को दी गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो खून से सने दोनों पति पत्नी मिले। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां ममता देवी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि लालू करमाली की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

सिल्ली डीएसपी अनुज ने बताया कि ममता देवी की धारदार हथियार से मार कर हत्या की गई है। जिस समय वारदात को अंजाम दिया गया, उस समय दंपती के घर में कोई मौजूद नहीं था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल की टीम को बुला कर भी जांच की गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि किसी तीसरे व्यक्ति ने धारदार हथियार से दंपती पर हमला किया और वारदात के बाद फरार हो गया। पुलिस को दंपती के घर के ही किसी सदस्य पर हत्या का शक है। दंपती का एक रिश्तेदार वारदात के बाद घर से फरार है, पुलिस को उस पर भी शक है, उसकी तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

   

सम्बंधित खबर