एक बच्चे के सपने और उसके संघर्ष की कहानी है फिल्म मुर्गा ट्रॉफी
- Admin Admin
- Dec 01, 2025

रांची, 01 दिसंबर (हि.स.)। प्रेस क्लब, रांची में हिंदी फीचर फिल्म कंट्रोल एंड क्रिएट के बैनर तले बनी मुर्ग़ा ट्रॉफी की टीम ने फिल्म निर्माण से संबंधित जानकारी मीडिया को सोमवार को दी। फिल्म में एक बच्चे के सपने, उसके संघर्ष और आज के सामाजिक ढांचे की कहनी है।
फिल्म निर्माण से संबंधित जानकारी साझा करने के दौरान फिल्म के अभिनेता और पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ, निर्देशक शशि वर्मा, निर्माता सुजीत कुमार, चंदन आनंद, मुकेश गिरी, नलिनी सिन्हा, मनीषा वर्मा सहित अन्य मौजूद थे।
मौके पर निरहुआ ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि फिल्म समाज की धड़कन को पकड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि झारखंड हमेशा से मेरे दिल के करीब रहा है, यहां की मिट्टी से मुझे ऊर्जा मिलती है और यहां की सरकार ने हमें पहले की तरह इस बार भी पूरा सहयोग दिया। उन्होंने बताय कि मुर्ग़ा ट्रॉफी एक बच्चे की दास्ता है। इसमें बच्चे की जिद, उसकी उड़ान और असफलता से सफलता की यात्रा को दिखाया गया है। उन्होंने कहा कि फिल्म में उनकी भूमिका बिल्कुल अलग है।
वहीं निर्देशक शशि वर्मा ने बताया कि यह फिल्म सिर्फ कहानी नहीं, बल्कि उन अनगिनत बच्चों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करती है, जो सपनों के लिए हठ भी रखते हैं और संघर्ष भी करते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति ने फिल्म को एक अनोखा स्वरूप दिया है।
निर्माता मनीषा वर्मा ने कहा मुर्ग़ा ट्रॉफी सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक बच्चे के अडिग विश्वास की कहानी है।
निर्माता नलिनी सिन्हा ने कहा कि मुर्ग़ा ट्रॉफी ऐसी फिल्म है जिसे देखने के बाद दर्शक सिर्फ कहानी नहीं, बल्कि उसका संदेश अपने साथ लेकर जाएंगे। उन्होंने टीम की प्रतिबद्धता और तकनीकी उत्कृष्टता पर जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि पिछले 12 दिनों से फिल्म की शूटिंग रांची के बुंडू और आसपास की सुंदर लोकेशन्स पर जारी है। अगले कुछ दिनों में जमशेदपुर, टाटा और रांची के अन्य लोकेशन्स पर भी फ़िल्म कि शूटिंग कि जायेगी ।
फ़िल्म में मुख्य कलाकार में दिनेश लाल यादव के अलावा परफॉर्मिंग आर्ट्स के बड़े नाम प्रद्युम्न नायक भी रहेंगे। इसके साथ ही बाल कलाकार शौर्य राज भी शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे



