बिना टिकट यात्रियों पर रेलवे की कार्रवाई, पांच सौ से ज्यादा मामले पकड़े गए

रेलवे द्वारा टिकट चेकिंग अभियान

खड़गपुर, 03 जून (हि.स.)।

दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल ने बिना टिकट और नियमों का उल्लंघन कर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे ने कुल 508 मामलों का पता लगाया और तीन लाख 67 हजार 750 रुपये का जुर्माना वसूला।

रेलवे की टिकट जांच टीम ने शालिमार, पांसकुड़ा और मेदिनीपुर स्टेशनों पर सघन जांच की। इसके अलावा कई प्रमुख ट्रेनों में भी यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। जांच के दायरे में ट्रेन संख्या 12833, 22849, 12703, 18410 और 18045 शामिल रहीं।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिना टिकट यात्रा, गलत टिकट पर यात्रा और बिना बुक किए सामान ले जाने के मामलों में कार्रवाई की गई। विशेष रूप से खड़गपुर-हावड़ा मार्ग पर ट्रेन संख्या 12074 और 12841 में चलाए गए अभियान में 258 मामले पकड़े गए, जिनसे एक लाख 90 हजार 285 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे ने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और राजस्व की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल के साथ मिलकर दलालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर