एनकाउंटर में ढेर हुए कमलेश चौधरी का शव देख बौखलाए ग्रामीणों ने पुलिस फोर्स पर किया पथराव
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
- शव को फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग के पास रखकर किया चक्कजाम, पुलिसकर्मियों को दौड़ाया
- पथराव में सीओ सिटी शेखर सेंगर का सिर फूटा, कई महिला पुलिसकर्मी भी घायल
गाजीपुर, 04 जून (हि. स.)। बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुए एक लाख के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी के शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम होने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। शव जैसे ही गांव में पहुंचा लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। भारी संख्या में ग्रामीणों ने कमलेश के शव को फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग के पास रखकर चक्काजाम कर दिया। सूचना के बाद जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उनपर पथराव शुरु कर दिया। अचानक हुए पथराव से वहां का महौल ही बिगड़ गया।
पथराव में सीओ सिटी शेखर सेंगर और कुछ महिला पुलिसकर्मी घायल हो गये। ग्रामीणों का कहना था कमलेश पर फर्जी केस लादकर पुलिस ने उसका एनकाउंटर किया है। पुलिस अधिकारियों के पहुंचने पर पुलिस ने हालात पर काबू पाया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि जब कमलेश चौधरी का शव उसके घर पहुंचा तभी वहां मौजूद लोगों ने शव को होटल बिंदु के सामने रखकर बवाल करने का मूड बना लिया था, लेकिन ऐन मौके पर प्लान बदल दिया गया। शव को फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग पर रखकर बवाल किया गया। भीड़ में महिलाओं की भी संख्या अच्छी खासी थी। यदि सही समय पर पुलिस फोर्स मौके पर नहीं पहुंची तो बवाल और ज्यादा बढ़ सकता था।
बवालियों को चिन्ह्नित किया जा रहा है। जिन लोगों ने पथराव किया हैं उन पर कार्रवाई होना तय है। पथराव में सीओ सिटी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए है। इस मामले में गम्भीर घाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। पथराव के दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी। वहीं, पुलिस ने बिना समय गंवाये ही शव को अपने कब्जे में लेकर एम्बुलेंस में रखवाया और साथ ले गये।
बवाल शांत होने के बाद पुलिस कमलेश चौधरी के शव को लेकर श्मशान घाट पर गई, जहां शव के साथ परिवार के कुछ लोग मौजूद थे। परिजनों की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कर किया गया।

