देश-दुनिया के इतिहास में 06 फरवरी का अहम स्थान है। यह तारीख देश में ऐसे कवि और गीतकार के जन्म के रूप में दर्ज है, जिनका गीत सुनकर भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू रो पड़े थे। वह कवि और गीतकार हैं प्रदीप। इस गीत को लता मंगेशकर ने गाया था। वह गीत है-ऐ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी/ जो शहीद हुए हैं उनकी जरा याद करो कुर्बानी...।
इस गीत में 1962 के भारत-चीन युद्ध में देश के लिए लड़ते हुए जान गंवाने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई थी। प्रख्यात कवि प्रदीप (रामचंद्र नारायणजी द्विवेदी) का यह गीत अमर है। यह हिंदी फिल्मों के सबसे लोकप्रिय देशभक्ति गानों में से एक है। इसको लेकर किस्सा भी जबरदस्त है। कहा जाता है कि राह चलते कवि प्रदीप को इस गाने के बोल याद आए और कागज पेन ना होने के कारण बगल के एक राहगीर से पेन मांगा और अपने सिगरेट की डिब्बी फाड़कर उलट दिया और उसी पर इसके बोल लिखे। 06 फरवरी,1915 में मध्य प्रदेश में उज्जैन के बड़नगर में जन्मे कवि प्रदीप ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान आजादी के सेनानियों को प्रेरित करने वाले गीत लिखे। पांच दशक के अपने करियर में कवि प्रदीप ने 71 फिल्मों के लिए 1700 गीत लिखे। भारत सरकार ने उन्हें सन् 1997-98 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया। 11 दिसंबर, 1998 को इस महान कवि का मुंबई में देहांत हो गया। उनके लिखे कालजयी गीतों और कविताओं का आकर्षण उस जमाने में भी रहा। आज भी है और हमेशा रहेगा।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1715ः स्पेन और पुर्तगाल के बीच युद्ध समाप्त।
1716ः ब्रिटेन और हालैंड के बीच गठबंधन का नवीनीकरण।
1778ः ब्रिटेन ने फ्रांस के खिलाफ जंग का ऐलान किया।
1778ः फ्रांस ने अमेरिका को मान्यता प्रदान की।
1788ः मैसाचुसेट्स संयुक्त राज्य अमेरिका के संविधान को मानने वाला छठा राज्य बना।
1819ः सर थॉमस स्टैमफर्ड रैफेल्स ने सिंगापुर की खोज की।
1833ः ओट्टो आधुनिक समय में यूनान के पहले सम्राट बने।
1869ः यूनान क्रीट छोड़ने को राजी।
1899ः स्पेन ने क्यूबा प्यूटो रिको गुआम और फिलीपींस अमेरिका को सौंपे।
1911ः अमेरिका के एरिजोना में पहला वृद्धाश्रम खोला।
1922ः कार्डिनल एशिले रैट्टी पोप चुने गए।
1941ः ब्रिटिश सेना ने लीबिया के बेनगाजी शहर पर कब्जा किया।
1942ः द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान यूनाइटेड किंगडम ने थाईलैंड के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
1951ः अमेरिका ने नेवादा में परमाणु परीक्षण किया।
1952ः ब्रिटेन नरेश जार्ज छठवें के निधन के बाद एलिजाबेथ द्वितीय गद्दी पर बैठीं।
1959ः सुश्री अन्ना चांडी केरल हाई कोर्ट की प्रथम महिला न्यायाधीश बनीं।
1968ः फ्रांस के ग्रेनोबल शहर में दसवें शीतकालीन ओलंपिक खेल शुरू।
1987ः जस्टिस मैरी गॉडरन आस्ट्रेलियाई हाई कोर्ट की जज बनने वाली पहली महिला बनीं।
1994ः पाकिस्तान में सार्वजनिक फांसी पर प्रतिबंध लागू।
1997ः इक्वाडोर में राष्ट्रपति अब्दाला बुकारम को अपदस्थ किया गया।
1999ः देश का पहला पेस मेकर बैंक कोलकाता में स्थापित।
2000ः विदेश मंत्री टारजा हैलोनेन फिनलैंड की प्रथम महिला राष्ट्रपति चुनी गईं।
2002ः भारत ने सीमा में घुस आए पाकिस्तान के जासूसी विमान मार गिराया।
2003ः अमेरिकी सीनेट की विदेश संबंध समिति ने रूस के साथ एटमी हथियार संधि का अनुमोदन किया।
2005ः आस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को हराकर त्रिकोणीय एक दिवसीय शृंखला जीती।
2005ः जम्मू-कश्मीर में उधमपुर के नजदीक बस हादसे में 32 लोगों की मौत।
2007ः अमेरिका के इमोरी विश्वविद्यालय ने दलाई लामा को प्रोफेसर नियुक्त किया।
2008ः भारत सरकार ने असम के माजुली द्वीप को वर्ष 2008 के विश्व विरासत सूची में शामिल करने के लिए सांस्कृतिक भू-स्थल के वर्ग में मनोनीत किया।
2009ः किरण कार्णिक सत्यम के नए अध्यक्ष बने।
2017ः वीके शशिकला तमिलनाडु की तीसरी महिला मुख्यमंत्री नियुक्त।
जन्म
1890ः भारत रत्न से अलंकृत स्वतंत्रता सेनानी खान अब्दुल गफ्फार खान।
1915ः देश के प्रमुख और सम्मानित कवि और गीतकार प्रदीप।
1945ः मेघालय के पूर्व मुख्यमंत्री एफए खोंगलाम।
1983ः भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी एस. श्रीसंत।
निधन
1793ः प्रसिद्ध इतालवी नाटककार कार्लो गोल्दोनी।
1900ः सांख्यिकी विज्ञ अंग्रेज अधिकारी विलियम विलसन हंटर।
1931ः स्वतंत्रता सेनानी और राजनीतिज्ञ मोतीलाल नेहरू।
1965ः पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरों।
2022ः भारत रत्न से अलंकृत कंठ कोकिला लता मंगेशकर।
महत्वपूर्ण दिवस
-कवि प्रदीप की जयंती
-लता मंगेशकर की पुण्यतिथि।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद