किलकारी बिहार बाल भवन के 22 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का हुआ समापन
- DSS Admin
- Jun 21, 2026


सारण, 21 जून (हि.स.)। छपरा किलकारी बिहार बाल भवन द्वारा आयोजित 22 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि कला संस्कृति पदाधिकारी डॉ विभा भारती, अपर जिला दंडधिकारी प्रमोद कुमार, एपीओ राजेश कुमार, किलकारी की प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक मीरा कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने और उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समापन समारोह में बच्चों ने 22 दिनों के कड़े प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई विभिन्न विधाओं की बेहद शानदार और रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने प्रेक्षागृह में मौजूद सभी दर्शकों का मन मोह लिया और खूब तालियाँ बटोरीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा लगाई गई विज्ञान, हस्तकला, चित्रकला, मूर्तिकला, शतरंज एवं कंप्यूटर से जुड़ी भव्य प्रदर्शनी रही। कैंप के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने बच्चों को हुनरमंद बनाया। विज्ञान प्रशिक्षक ने बच्चों को दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान, जैविक खाद, सीड बॉल निर्माण और बेसिक इलेक्ट्रॉनिक्स की जानकारी दी। चित्रकला में मधुबनी पेंटिंग, सैंड आर्ट और लीफ आर्ट तथा कंप्यूटर प्रशिक्षका ने बच्चों को आधुनिक एआई और कंप्यूटर बेसिक्स सिखाया।
इसके अलावा मूर्तिकला प्रशिक्षक ने वुड आर्ट, हस्तकला प्रशिक्षक ने लिप्पन व जूट आर्ट, शतरंज प्रशिक्षक ने खेल की बारीकियां, संगीत प्रशिक्षक ने सोहर व क्षेत्रीय संगीत तथा कुश्ती प्रशिक्षक ने दांव-पेंच सिखाए। कार्यक्रम के अंत में सभी होनहार प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए प्रोत्साहित व पुरस्कृत किया गया।
---------------

