सोलन में पत्नी की फर्जी मृत्यु सर्टिफिकेट बनाने का षड्यंत्र, तीन गिरफ्तार

सोलन, 15 मार्च (हि.स.)। पत्नी की इंश्योरेंस पॉलिसी का पैसा हासिल करने के लिए मोहाली के एक व्यक्ति ने सोलन में दलाल की मदद से एक फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र तैयार कराया, लेकिन पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

रजिस्ट्रार जन्म एवं मृत्यु नगर निगम सोलन, बिमला वर्मा ने 6 फरवरी को पुलिस थाना सदर सोलन में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा गया था कि 7 जनवरी को नगर निगम के जन्म व मृत्यु शाखा में मोनिका गोयल के नाम पर एक डेथ रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें सुरेश शर्मा और गगन के हस्ताक्षर थे। यह फार्म धर्मपाल नामक कर्मचारी द्वारा नगर निगम कार्यालय में जमा किया गया था। इसके आधार पर मोनिका गोयल का मृत्यु पंजीकरण 14 जनवरी को हुआ और 15 जनवरी को विशाल गोयल ने उसकी मृत्यु प्रमाणपत्र की पांच प्रतियां प्राप्त कीं।

बाद में 1 फरवरी को मोनिका गोयल ने नगर निगम कार्यालय में आवेदन देकर बताया कि उनका गलत अंतिम संस्कार दिखाकर डेथ सर्टिफिकेट तैयार किया गया है और वह जीवित हैं। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की, जिससे पता चला कि डेथ सर्टिफिकेट फर्जी था और यह विशाल गोयल ने अपने लाभ के लिए तैयार करवाया था। विशाल की पत्नी मोनिका गोयल की आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फिनसर्व से 85 लाख रुपये की इंश्योरेंस पॉलिसी थी। आरोपी ने पैसों की लालच में यह कदम उठाया था।

पुलिस ने आरोपी विशाल गोयल को 14 मार्च को गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया कि इस षड्यंत्र में सुरेश शर्मा और नगर निगम कर्मचारी धर्मपाल भी शामिल थे। 15 मार्च को इन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के पूर्व अपराध रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और उन्हें शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

   

सम्बंधित खबर