6 जुलाई से शुरू होने वाले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के दो दिवसीय दौरे की तैयारियों को लेकर जम्मू पूर्व में हुई समीक्षा बैठक
- Neha Gupta
- Jul 04, 2026

जम्मू, 04 जुलाई । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगामी जम्मू दौरे को लेकर शनिवार को कच्ची छावनी स्थित पंडित प्रेमनाथ डोगरा भवन में भाजपा जम्मू पूर्व विधानसभा क्षेत्र की एक तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता युधवीर सेठी ने की। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट राजेश गुप्ता, पूर्व पार्षद डॉ. अक्षय शर्मा, भाजपा जिला प्रवक्ता रमन शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सविता आनंद, भाजयुमो प्रवक्ता भानु प्रताप सिंह, जम्मू पूर्व मंडल अध्यक्ष आदर्श जठियार, अम्फल्ला पूर्व मंडल अध्यक्ष स्वाति शर्मा, अजीत जोगी, कर्ण शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, मोर्चा प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक के दौरान 6 जुलाई से शुरू होने वाले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय जम्मू दौरे की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, जनसंपर्क कार्यक्रमों, संगठनात्मक बैठकों, परिवहन, आवास, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की और सभी कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के निर्देश दिए।
युधवीर सेठी ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का जम्मू दौरा संगठन में नई ऊर्जा का संचार करेगा और जनता के साथ पार्टी के जुड़ाव को और मजबूत बनाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा जम्मू-कश्मीर को दिए जा रहे महत्व का यह दौरा प्रमाण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समन्वय के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि यह दौरा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय नेतृत्व से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करेगा और जम्मू-कश्मीर के विकास एवं जनकल्याण के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। दौरे के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जम्मू में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह पार्टी के कोर ग्रुप, जिला पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। दौरे का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाना, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए पार्टी को मजबूत करना रहेगा।

