मानसरोवर झील की सैर ने वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान
- DSS Admin
- May 25, 2026

जम्मू, 25 मई । मानसरोवर झील (मानसर लेक) की शांत व मनमोहक वादियों में आयोजित एक विशेष पिकनिक यात्रा ने वृद्ध आश्रम के बुजुर्गों के जीवन में खुशी और उत्साह भर दिया। रियासी निवासी समाजसेवी सुरेश अबरोल के सहयोग से आयोजित इस यात्रा में आश्रम के 25 वृद्धजनों ने भाग लिया और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच यादगार पल बिताए। यात्रा के दौरान बुजुर्गों ने झील की खूबसूरती का आनंद लेने के साथ-साथ प्रसिद्ध चीची माता मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आश्रम के वार्डन प्रीतम चंद, मेडिकल असिस्टेंस पुष्पा देवी तथा अन्य स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे जिन्होंने पूरे सफर के दौरान बुजुर्गों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा।
पिकनिक का सबसे भावुक दृश्य उस समय देखने को मिला जब बुजुर्गों ने झील में मछलियों को आटा खिलाया। इस दौरान उनके चेहरों पर बच्चों जैसी खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। वापसी में सुरिनसर झील के मनोहारी दृश्यों ने यात्रा को और भी खास बना दिया। आश्रम प्रबंधन ने सुरेश अबरोल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल बुजुर्गों को मानसिक और भावनात्मक संबल प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग और अपनत्व से बुजुर्गों को यह एहसास होता है कि वे आज भी समाज का सम्मानित और अहम हिस्सा हैं।

