यमुनानगर: दहेज की बलि चढ़ी गर्भवती महिला, पति गिरफ्तार

यमुनानगर, 4 अप्रैल (हि.स.)। थाना प्रतापनगर के अंतर्गत एक गर्भवती महिला की ससुराल में मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीं और शव को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक महिला के परिजन ने ससुराल पक्ष पर बाइक सहित दहेज न देने के लिए प्रताड़ना करने और हत्या करने का आरोप लगाया।

पुलिस ने पति, सास, ननद, जेठ सहित अन्य नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिला की पहचान मीनाक्षी (32) निवासी ताजेवला के रूप में हुई। शुक्रवार को रादौर निवासी त्रिलोक चंद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी मीनाक्षी की शादी ताजवाले के रविंदर कुमार से 11 मार्च 2020 में की थी। उसका पांच साल का एक बेटा है और वह चार माह से गर्भवती थी। ससुराल वाले उसे दहेज में बाइक नहीं देने के लिए प्रताड़ित करते थे। एक सप्ताह पहले ही पंचायत के बाद उसे ससुराल में भेजा था।

रादौर से वार्ड नंबर तीन से पार्षद अधिवक्ता श्रीकांत ने बताया कि कल दोपहर बाद हमें मीनाक्षी की पंखे से फांसी लेकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। जब वहां पहुंचे तो पुलिस भी मौके पर थी और मीनाक्षी का शव स्ट्रेचर में बंधा हुआ था। हमने फांसी को लेकर रविंदर से कई सवाल पूछे, जो घटना से मेल नहीं खाते थे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया।

थाना प्रतापनगर के प्रभारी गुरमेल सिंह ने बताया कि कल सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। शव को कब्जे में लेकर परिजन के बयान पर मीनाक्षी के पति विरेंदर सहित सास, ननद, जेठ, जेठानी सहित नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने वीरेंद्रर को गिरफ्तार कर लिया। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा कराया जा रहा है। मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। वहीं मृतक मीनाक्षी के परिजन ने ससुराल पक्ष के अन्य की गिरफ्तारी न होने तक शव लेने से इनकार करने के बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग

   

सम्बंधित खबर